Saturday, September 19, 2026
HomeमनोरंजनMumbai : ‘हीरोइन’ कहलाना कभी लक्ष्य नहीं रहा : संदीपा धर

Mumbai : ‘हीरोइन’ कहलाना कभी लक्ष्य नहीं रहा : संदीपा धर

Mumbai । बॉलीवुड अभिनेत्री संदीपा धर का कहना है कि उनका सिर्फ ‘हीरोइन’ कहलाना कभी लक्ष्य नहीं रहा, बल्कि वह एक कलाकार के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं। नेटफ्लिक्स की हालिया ओरिजिनल सीरीज ‘चुंबक’ में नजर आईं एक्ट्रेस संदीपा ने अपने करियर में कॉमेडी, थ्रिलर, ड्रामा और भावनात्मक कहानियों जैसी अलग-अलग शैलियों में काम किया है।

जेडी मजेठिया और आतिश कपाड़िया की बनाई इस कॉमेडी-ड्रामा सीरीज में संदीपा के अलावा नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, सुमीत व्यास, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। संदीपा धर का मानना है कि कलाकार की पहचान तभी मजबूत होती है, जब वह खुद को लगातार नई और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में आजमाने से न डरे।

एक बातचीत में संदीपा ने कहा कि उनका पूरा ध्यान हमेशा अभिनय के जरिए अपनी पहचान बनाने पर रहा है। वह चाहती हैं कि दर्शक उन्हें ऐसी अभिनेत्री के तौर पर याद रखें, जो अलग-अलग तरह के किरदारों को निभाने की क्षमता रखती है। उनके मुताबिक, ‘हीरोइन’ का तमगा किसी कलाकार की मंजिल नहीं होना चाहिए। असली चुनौती यह है कि कलाकार अपने काम और अभिनय के दम पर दर्शकों के बीच पहचान बनाए। संदीपा ने फिल्मों के साथ-साथ डिजिटल मंच पर भी काम किया है।

उनका मानना है कि ओटीटी ने कलाकारों के लिए संभावनाओं के नए दरवाजे खोले हैं। इस मंच पर कलाकारों को अलग तरह की कहानियों और चुनौतीपूर्ण किरदारों के साथ प्रयोग करने का अवसर मिलता है।
पहले किसी कलाकार की एक खास छवि बन जाने के बाद उसे अक्सर उसी तरह की भूमिकाएं मिलने लगती थीं, लेकिन डिजिटल मंच ने इस धारणा को काफी हद तक बदला है। यहां कलाकार अपनी अभिनय क्षमता और विविधता को ज्यादा व्यापक तरीके से दर्शकों के सामने रख सकते हैं। अभिनेत्री ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें ओटीटी की दुनिया का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

इस मंच ने उन्हें अपनी अलग-अलग खूबियां और अभिनय की रेंज दिखाने का मौका दिया है। दर्शकों से मिले प्यार और प्रतिक्रिया ने भी उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। संदीपा को उम्मीद है कि आने वाले समय में उन्हें और भी अलग तरह के किरदार निभाने का अवसर मिलेगा और वह अपने अभिनय के नए पक्ष दर्शकों के सामने रख सकेंगी। संदीपा धर की सीरीज ‘चुंबक’ का प्रीमियर 10 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर हुआ।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...