मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 12 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur :  मंदिर में शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव, कैंची से हमले का आरोपी गिरफ्तार
कानपुर

Kanpur :  मंदिर में शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव, कैंची से हमले का आरोपी गिरफ्तार

Akash Chaudhary

 दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर हुआ था विवाद, विरोध करने पर गर्दन पर हमला करने का आरोप; सीओडी पुल के पास रेलबाजार पुलिस ने दबोचा।

Kanpur । मंदिर में शादी करने के बाद पत्नी को नोएडा ले जाने और फिर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में रेलबाजार पुलिस ने वांछित आरोपी मोहम्मद कलीम को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि धर्म परिवर्तन का विरोध करने पर आरोपी ने कैंची से उसकी गर्दन पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को सीओडी पुल के पास घेराबंदी कर दबोचा। वह सुजातगंज का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, रूबी कश्यप ने 10 नवंबर को मोहम्मद कलीम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले दोनों ने मंदिर में शादी की थी। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ नोएडा ले गया। शुरुआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद उसके साथ मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था।

 

पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2026 में बेटे के जन्म के बाद आरोपी उसे लेकर कानपुर आ गया। यहां पहुंचने पर उसे पता चला कि आरोपी ने दूसरी शादी भी कर ली है। इस जानकारी के बाद उसने विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि आरोपी और उसके परिजनों ने उस पर फिर से धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान मोहम्मद कलीम ने कैंची से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। चौकी प्रभारी सुजातगंज राष्ट्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक रामजी पांडेय, गौरव अग्निहोत्री और कांस्टेबल सौरभ यादव आरोपी की तलाश में जुटे थे।

गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी सीओडी पुल के पास मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।