Mumbai । बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने अपनी चर्चित फिल्म वास्तव : द रियलिटी के सीक्वल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। 24 अप्रैल को खलनायक रिटर्न्स के लॉन्च इवेंट में उन्होंने बताया कि ‘वास्तव 2’ पर काम शुरू हो चुका है।
संजय दत्त ने कहा कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं और फिल्म की कहानी पर काम जारी है। गौरतलब है कि 1999 में आई ‘वास्तव’ में उन्होंने रघुनाथ ‘रघु’ नामदेव शिवलकर का किरदार निभाया था, जो आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
‘मुन्ना भाई’ को लेकर कही ये बात
इवेंट में जब मुन्ना भाई एमबीबीएस. फ्रेंचाइजी को लेकर सवाल किया गया तो संजय दत्त ने कहा कि इसके लिए निर्देशक राजकुमार हिरानी से बात करनी होगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “राजू, प्लीज ‘मुन्ना भाई’ फिर से बनाओ।
जेल में आया ‘खलनायक 2’ का आइडिया
संजय दत्त ने खलनायक के सीक्वल को लेकर भी दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए उन्हें ‘खलनायक 2’ बनाने का विचार आया। वहां कैदी फिल्म के गाने सुनना पसंद करते थे और जब उन्होंने दूसरा पार्ट बनाने की बात पूछी, तो हजारों कैदियों ने इसे देखने की इच्छा जताई।
उन्होंने कैदियों से फिल्म के आइडिया लिखने को कहा और करीब 4000 पेज पढ़ने के बाद एक कहानी उन्हें पसंद आई। पैरोल पर बाहर आने के बाद उन्होंने यह आइडिया फिल्ममेकर सुभाष घई को सुनाया, जिसे उन्होंने भी पसंद किया।
सुभाष घई ने बताया था कि ‘खलनायक’ बनाते समय कई बड़े सितारे फिल्म में काम करना चाहते थे, लेकिन उनके दिमाग में शुरू से ही संजय दत्त थे। उन्होंने संजय को कहानी सुनाई और उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हामी भर दी।
फिलहाल ‘वास्तव 2’ की घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है, वहीं ‘मुन्ना भाई’ की वापसी को लेकर भी उम्मीदें फिर से जाग गई हैं।


