सुबह 7:30 बजे शुरू होगा मैच
Mount Maunganui । भारतीय टीम यहां मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले चौथे एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबले में जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम इस सीरीज में 2-0 से आगे हैं। ऐसे में उसका लक्ष्य इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना रहेगा। इस मैच में उतरते ही भारतीय टीम बदली-बदली नजर आयेगी। इस अहम मैच में युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर पहली बार एकदिवसीय प्रारुप में भारतीय टीम की कप्तानी करते दिखेंगे।
वहीं 19 नवंबर से होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए नियमित कप्तान शुभमन गिल , केएल राहुल, सहित कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ऐसे में ईशान किशन टीम में विकेटकीपर की मुख्य भूमिका भी निभाएंगे। इसके अलावा युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा, कुमार कुशाग्र और तेज गेंदबाज यश ठाकुर को अंतिम दो मैचों के लिए दल में शामिल किया गया है। वहीं, औकिब नबी को भी बरकरार रखा गया है। अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी दोनो मैचों में बने रहेंगे।
वहीं, न्यूजीलैंड भी अपने घरेलू मैदान और हालातों का लाभ उठाकर भारतीय टीम को कड़ी टक्कर देना चाहेगा। यह मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली टीम आखिरी दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी। इससे पहले उन्होंने टीम में बदलाव किए हैं। इसके तहत ही ब्रेट रैंडेल को न्यूजीलैंड ने चौथे और पांचवें एकदिवसीय मैच के लिए अपनी टीम के साथ जोड़ा है।
31 वर्षीय इस गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई है। उन्होंने अब तक 55 लिस्ट ए मैच खेले हैं, जिसमें 100 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने चार बार 5 विकेट भी लिए हैं। इस तेज गेंदबाज के भारत के खिलाफ इस सीरीज में डेब्यू करने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड टीम- मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, विल यंग, माइकल ब्रेसवेल, निक कैली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी और काइल जैमीसन।
भारतीय टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, नमन धीर, ऋतुराज गायकवाड़, अक्षर पटेल, ईशान किशन (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), आकिब नबी डार, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।

