Kanpur । महेंद्रगिरी, ओडिशा में एक से चार अक्तूबर तक होने वाली 23वीं सीनियर, जूनियर एवं सब जूनियर राष्ट्रीय माउंटेन बाइक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम घोषित कर दी गई है। ट्रांस गंगा सिटी के गेट नंबर-दो के अंदर 13 सितंबर को हुए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में खिलाड़ियों की टाइमिंग के आधार पर टीम का चयन किया गया।
सीनियर पुरुष वर्ग में चित्रकूट के शिव सिंह, सहारनपुर के एहकम, प्रयागराज के महाबली, मेरठ के महेश पाल साहू और गोविंद का चयन हुआ है। 23 वर्ष से कम आयु वर्ग में मिर्जापुर के आनंद कुमार सिंह, जूनियर बालक वर्ग में सहारनपुर के कार्तिक मौर्या और सब जूनियर बालक वर्ग में सहारनपुर के हर्षित सिरोही टीम में शामिल हैं। सीनियर महिला वर्ग में अयोध्या की चांदनी प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टीम के मैनेजर अवधेश कुमार विश्वकर्मा और कोच सय्यद मरदान अली होंगे। खिलाड़ियों को 29 सितंबर से बोर्डिंग और लॉजिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टीम 27 सितंबर को भुवनेश्वर होते हुए पलासा रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होगी और 29 सितंबर को ओडिशा पहुंचेगी।

