Kanpur। आईआईटी कानपुर में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव उद्घोष-26 में दूसरे दिन शनिवार को टीम स्पर्धाओं के मुकाबलों में रोमांच बढ़ गया। पूल चरण के मैच पूरे होने के बाद महिला और पुरुष वर्ग में आठ-आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। नॉकआउट चरण में पहुंचने के लिए कानपुर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन आईआईटी कानपुर की टीमों ने कई मुकाबलों में जीत हासिल की। पुरुष वर्ग में आईआईटी कानपुर ने एसजीएसआईटीएस को 3-0 से हराया। आईआईटी कानपुर बी ने केआईईटी को 3-1 और रामा को 3-0 से पराजित किया। वहीं, केआईईटी ने रामा के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबले में आईआईटी जोधपुर ने आईआईटी कानपुर की कर्मचारी टीम को 3-1 से हराया, जबकि इंटीग्रल विश्वविद्यालय ने आईआईआईटी जबलपुर को 3-2 से शिकस्त दी। महिला वर्ग में आईआईटी कानपुर की टीम ने केआईईटी को 2-0 से हराया। आईआईटी कानपुर की महिला कर्मचारी टीम ने आईआईआईटी जबलपुर और आरजीआईपीटी की टीमों को 2-0 के समान अंतर से पराजित किया। केआईईटी ने पीपीएन पीजी को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं टीमें
महिला वर्ग में पूल-ए से आईआईटी कानपुर और आईआईटी गुवाहाटी, पूल-बी से ओपी जिंदल और लखनऊ विश्वविद्यालय, पूल-सी से इंटीग्रल विश्वविद्यालय व एकेजीईसी, पूल-डी से आईआईआईटी दिल्ली और केआईईटी ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष वर्ग में आईआईटी कानपुर-ए, आईआईटी कानपुर एलुमनी, ईआईटी फरीदाबाद, सिटी अकादमी, एकेजीईसी, केआईईटी, ओपी जिंदल और एमिटी विश्वविद्यालय ने अगले दौर में जगह बनाई। ऐसे में रविवार को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल व फाइनल की जंग रोमांचक दौर में पहुंच गई है।

