मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 26 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : हिन्दू चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत : गुरुमूर्ति
कानपुर

Kanpur : हिन्दू चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत : गुरुमूर्ति

Akash Chaudharyअपडेट: November 26, 2026

 

तमिलनाडु में हिन्दू परंपराओं को सहेजने के प्रयासों को मिली सफलता : गुरुमूर्ति

कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला

हिन्दू समाज की निष्क्रियता के कारण भारतीय धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया

गुरुमूर्ति ने अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर सवाल उठाए

सोनिया गांधी की पुस्तक में ऐतिहासिक तथ्यों और घटनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया

Kanpur।  प्रख्यात पत्रकार एवं लेखक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति ने कहा कि तमिलनाडु की चुनौतीपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के बीच हिन्दू धर्म, संस्कृति, परंपराओं और मान्यताओं को सहेजने का प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। एक समय ऐसा था जब वहां हिन्दू परंपराओं और रीति-रिवाजों की चर्चा करने में भी लोग संकोच करते थे। शिक्षक वंदन, नारी वंदन और मातृभूमि वंदना जैसे आयोजनों में भी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना मुश्किल था, लेकिन निरंतर संवाद और जागरूकता के प्रयासों से आज वही समाज इन परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गुरुमूर्ति ने कहा कि किसी भी सामाजिक और सांस्कृतिक अभियान की शुरुआत में चुनौतियां आती हैं। तमिलनाडु में रामकृष्ण मिशन और विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से हिन्दू रीति-रिवाजों एवं परंपराओं को संरक्षित करने का अभियान शुरू किया गया था। शुरुआती दौर में लोगों की झिझक और उदासीनता के बावजूद लगातार प्रयास किए गए, जिनका परिणाम आज सामने है।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का क्षेत्रफल उत्तर प्रदेश की तुलना में काफी कम होने के बावजूद वहां हिन्दू आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार के लिए उल्लेखनीय काम हुआ है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी इस दिशा में और तेजी से काम करने की आवश्यकता है।

गुरुमूर्ति ने कहा कि हिन्दू समाज की निष्क्रियता के कारण देश-विदेश में भारतीय धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं को कई बार गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। पश्चिमी देशों में हिन्दू धर्म और उसकी परंपराओं के प्रति नकारात्मक धारणाएं बनाने का प्रयास हुआ, जबकि भारतीय संस्कृति सदैव ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना के साथ समस्त मानवता के कल्याण का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज के सेवा और परोपकार से जुड़े कार्यों को भी अपेक्षित पहचान नहीं मिली।

भारतीय उद्योगपतियों के सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने हडसन इंस्टीट्यूट के एक शोध पत्र का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योगपति लंबे समय से समाज कल्याण के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देते रहे हैं।
शोध में यह तथ्य सामने आया कि आर्थिक रूप से अपेक्षाकृत कम संपन्न भारतीय उद्योगपतियों ने भी समाज कल्याण के कार्यों में अमेरिकी उद्योगपतियों की तुलना में कई गुना अधिक योगदान किया है।
हिंदू आध्यत्मिक एवं सेवा मेला के संस्थापक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति ने कहा कि जाति हिंदू समाज का अभिन्न अंग है। हर जाति अपने में एक पंथ है, उसके अलग देवता और सेवा कार्य हैं। राजनीतिक दलों ने उन्हें भ्रमित कर अलग किया। सेवा मेला के माध्यम से जातियों को सनातन से रिकनेक्ट कर रहे हैं। मेले में हर जाति अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करती है।

इस दौरान गुरुमूर्ति ने अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर सवाल उठाए। वहीं, सोनिया गांधी की हाल में प्रकाशित पुस्तक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने उसमें ऐतिहासिक तथ्यों और घटनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने विशेष रूप से राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं के चित्रण पर आपत्ति जताई।

 

*तुलसी, कुश और गौ पूजन से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के पहले दिन करीब एक हजार लोगों और बच्चों ने सहभागिता की। आयोजन में तुलसी एवं कुश पूजन के माध्यम से प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, गाय और गौ पूजन के जरिए पशुओं के प्रति प्रेम, संवेदना और संरक्षण की भावना जागृत करने का प्रयास किया गया।

पांच दिनों तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात वक्ता हिन्दू रीति-रिवाजों, भारतीय सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और समाजसेवा जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे। मेले का उद्देश्य हिन्दू आध्यात्मिक मूल्यों, परंपराओं और सेवा भाव को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में आरएसएस के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, उद्योगपति राजकुमार लोहिया, नीतू सिंह उपस्थित थे।