Kanpur। प्रथम अंडर-15 इंटर एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को खेले गए खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में खांडेकर क्रिकेट एकेडमी ने कपिल क्रिकेट एकेडमी को दस विकेट से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में क्रिक-आईटी स्ट्राइक जोन ने कानपुर क्रिकेटर्स एकेडमी को आठ विकेट से पराजित किया। दोनों टीम ने जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज स्पोर्ट्स मैदान पर खेले गए पहले मैच में कपिल क्रिकेट एकेडमी ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 117 रन बनाए। टीम से राजवीर ने 29 रन, एम सैयद ने 27, अक्षत यादव ने 24 रन बनाए, तो गेंदबाजी में राज कटियार व हर्षवर्धन ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में खांडेकर क्रिकेट एकेडमी ने 15.5 ओवर में बिना कोई विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत में सत्यम यादव ने नाबाद 49 रन व पुनीत ने नाबाद 59 रन की पारी खेली। प्लेयर ऑफ द मैच सत्यम यादव को हरफनमौला खेल के लिए चुना गया। नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज स्पोर्ट्स मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में कानपुर क्रिकेटर्स एकेडमी ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 114 रन बनाए। टीम से आर्यन साहू ने 32, मृदुल ने 23 व शिवांश सिंह ने 19 रन बनाए, तो गेंदबाजी में दीपक यादव ने चार, आयुष व अंबुज ने एक- एक विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रिक-आईटी स्ट्राइक जोन ने 14.4 ओवर में दो विकेट के पतन पर 117 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में आयुष कुमार ने 55 रन, आदित्य ने 29 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में लव अवस्थी व आराध्या सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच दीपक यादव को 19 रन व चार विकेट लेने के लिए दिया गया।


