Kanpur। नोएडा के प्रोमेथियस स्कूल शूटिंग रेंज में आयोजित 30वीं प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर के खिलाड़ियाें ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ पदक अपने नाम किए। जीत के साथ ही खिलाड़ियों ने ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में अपने दावेदारी पेश की है।
परफेक्ट राइफल एकेडमी के सचिव व कोच अमर निगम ने जानकारी दी कि देहरादून में आयोजित ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में भी अकादमी के पांच निशानेबाज राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए हैं। इनमें महिला पिस्टल वर्ग से नंदिनी निगम, पुरुष पिस्टल वर्ग से विनायक पाठक, वात्सल्य त्रिपाठी, कनिष्क श्रीवास्तव और पैरा वर्ग से आर्यन यादव शामिल हैं। कोच अविरल निगम ने जानकारी दी कि 21 जून से दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होने वाली यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में अकादमी के 46 निशानेबाज प्रतिभाग करेंगे।
पदक जीतने वाले खिलाड़ी::संगीता सिंह ने सीनियर 10 मीटर राइफल महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, तो 10 मीटर जूनियर पुरुष टीम वर्ग में कृष्णांश मिश्रा, समन्यु अवस्थी और अशर अहमद मिर्जा की तिकड़ी ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। 10 मीटर राइफल यूथ महिला टीम स्पर्धा में अनुराधा और अंजली ने रजत पदक जीता।
इसके अलावा 10 मीटर जूनियर महिला पिस्टल टीम वर्ग में मेधावी सिंह, ख्याति त्रिपाठी और अंशिका यादव ने भी रजत पदक हासिल किया। सचिव व कोच के साथ ही एकेडमी के अन्य सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देने के साथ-साथ आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी।


