मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSaturday, 31 October 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर की दस्तक, सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर लगी मुहर
कानपुर

Kanpur : बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर की दस्तक, सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर लगी मुहर

Akash Chaudhary

 

दिल्ली से महज 1 घंटा 45 मिनट में पहुंचेगा कानपुर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा; व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार !

 

Kanpur।  कानपुर को देश के प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नेटवर्क में शामिल कराने की मांग को लेकर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी द्वारा की गई प्रभावी पैरवी रंग लाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वीकृति के बाद प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अब कानपुर को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि बुलेट ट्रेन दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी, पटना और आगे गुवाहाटी तक जाएगी।

इस घोषणा के साथ ही कानपुर के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है। रेल मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन से दिल्ली से कानपुर की दूरी महज 1 घंटा 45 मिनट में तय की जा सकेगी।

इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर की प्रसिद्ध मिठाई ठग्गू के लड्डू का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली से बुलेट ट्रेन में बैठकर महज एक घंटा 45 मिनट में कानपुर पहुंचकर ठग्गू के लड्डू का स्वाद लिया जा सकेगा और वापस दिल्ली भी लौटा जा सकेगा। रेल मंत्री की इस टिप्पणी ने कानपुर की पहचान और शहर के प्रति देशभर के लोगों के आकर्षण को भी चर्चा में ला दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक प्रस्ताव में कानपुर को बुलेट ट्रेन के मार्ग में शामिल किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। ऐसे में सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर के औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक महत्व को देखते हुए संसद सत्र में भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष मजबूती से शहर का पक्ष रखा। उन्होंने तर्क दिया कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक महानगर कानपुर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जोड़ना शहर के भविष्य और लाखों लोगों के हित में आवश्यक है। उनकी पहल के बाद प्रस्तावित कॉरिडोर में कानपुर को स्थान मिलने से शहरवासियों में उत्साह है।

सांसद रमेश अवस्थी ने इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कानपुर को बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जोड़ना शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे व्यापारियों, उद्यमियों, उद्योगों, विद्यार्थियों और आम जनता को व्यापक लाभ मिलेगा। आवागमन सुगम होने के साथ ही निवेश, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कानपुर केवल एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि उत्तर भारत का महत्वपूर्ण व्यापारिक और आर्थिक केंद्र है। बुलेट ट्रेन से जुड़ने के बाद कानपुर की राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी और पहचान दोनों मजबूत होंगी।

सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से कानपुर को मिली यह सौगात शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अब कानपुर भी देश के हाईस्पीड रेल नेटवर्क के जरिए विकास की नई रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है।