Kanpur । अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर कानपुर वाले क्रांतिकारी संगठन की ओर से आयोजित होने वाली क्रांतिकारी प्रीमियर लीग (केपीएल-4) की चारों टीमों की जर्सियां सोमवार को जीटी रोड स्थित एक होटल में लॉन्च की गईं। कार्यक्रम में संगठन की कोर कमेटी के सदस्यों ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। केपीएल-4 तीन अक्तूबर से प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी संदीप जैन, अंकित ओमर, शैलेंद्र दुबे और राहुल टंडन रहे। संगठन के अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने बताया कि केपीएल के माध्यम से कानपुर के उन युवाओं को क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जो खेल में रुचि और प्रतिभा होने के बावजूद व्यस्त दिनचर्या के कारण अपना हुनर प्रदर्शित नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि लीग में 30 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। पिछले तीन सत्रों में दर्शकों और खिलाड़ियों ने लीग का आनंद लिया है। इस बार भी युवाओं की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है।
केपीएल-4 में लक्ष्मीबाई वारियर्स के कप्तान सौरभ त्रिवेदी, भगत ब्रिगेड के कप्तान अनुज यादव व उपकप्तान शशांक साहू, शिवाजी स्ट्राइकर्स के कप्तान मोनू सिंह और आजाद टाइगर्स के कप्तान पवन मिश्रा मौजूद रहे। इस मौके पर संगठन के सदस्य सुरेश त्रिवेदी, अभिमन्यु सिंह भदौरिया, करिश्मा वर्मा, गोपेंद्र सिंह भदौरिया समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।


