ब्रजेन्द्र स्वरूप पार्क में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के तीसरे दिन ‘आचार्य वंदनम्’ कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यसभा सांसद
शहर के 100 विद्यालयों के 550 प्रधानाचार्य और शिक्षक हुए शामिल, गुरु-शिष्य परंपरा का किया गया अभिनंदन
गूगल और चैटजीपीटी केवल सूचना दे सकते हैं, वास्तविक ज्ञान गुरु के मार्गदर्शन से ही संभव : मुकुल कानिटकर
बोले- ब्रह्मोस और रक्षा गलियारा देश की सामरिक आत्मनिर्भरता के प्रतीक, पीडीए की राजनीति नारों तक सीमित न रहे
Kanpur। भारतीय ज्ञान परंपरा में पूरी दुनिया को जीवन के प्रति संतुलित दृष्टिकोण देने की क्षमता है। भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि वैश्विक समाज के लिए मार्गदर्शक भी है। यह विचार राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को ब्रजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के तीसरे दिन ‘आचार्य वंदनम्’ कार्यक्रम में व्यक्त किए।
योग, गीता और रक्षा आत्मनिर्भरता से बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि आज तकनीक और सूचनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन केवल सूचना से समाज का निर्माण नहीं हो सकता, इसके लिए विवेक और संस्कार भी आवश्यक हैं। योग, महर्षि अरविंद के विचारों और भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा ने विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा मिली है। कोरोना काल का उदाहरण देते हुए उन्होंने भारतीय परिवार व्यवस्था की सराहना की तथा ब्रह्मोस मिसाइल और रक्षा गलियारे जैसी परियोजनाओं को देश की सामरिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
महिला आरक्षण और गठबंधन को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
राजनीतिक मुद्दों पर डॉ. त्रिवेदी ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर विपक्ष से रुख स्पष्ट करने की मांग की। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी एकजुटता के दावों के बीच विरोधाभास दिखता है और पीडीए की राजनीति केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
शिक्षक समाज और राष्ट्र का निर्माता : मुकुल कानिटकर
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचार टोली के सदस्य व अ.भा. विमर्श प्रमुख मुकुल कानिटकर ने गुरु-शिष्य परंपरा पर विचार रखते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट, गूगल और चैटजीपीटी केवल सूचनाएं दे सकते हैं, लेकिन वास्तविक ज्ञान की प्राप्ति गुरु के मार्गदर्शन से ही संभव है। जिस प्रकार चौड़े व गहरे पात्र में अधिक वर्षा जल एकत्र होता है, उसी प्रकार आचार्यों के प्रति श्रद्धा से ही शिष्य में ज्ञान ग्रहण करने की पात्रता विकसित होती है।
100 विद्यालयों के 550 प्रधानाचार्यों व शिक्षकों का हुआ अभिनंदन
भारतीय परंपरा में गुरु के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से आयोजित ‘आचार्य वंदनम्’ में शहर के करीब 100 विद्यालयों के 550 प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने सहभागिता की। शिक्षकों का अभिनंदन कर नई पीढ़ी में भारतीय शिक्षा पद्धति के प्रति जुड़ाव बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पूर्व आचार्य ओम शंकर त्रिपाठी, पं. दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय के दीपक राजे, बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के आचार्य अनिल कुमार, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सेवानिवृत्त डॉ. वीएन त्रिपाठी, नृत्य शिक्षक रामबाबू भट्ट, संजीव पाठक ‘बॉबी भइया’ के कोच शशि प्रकाश मिश्रा, कृष्ण बिहारी पांडेय, अंगद सिंह, गुणवंत सिंह कोठारी, राजकुमार लोहिया, नीतू सिंह और अरविंद दीक्षित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

