मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 27 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : गीता के 18 श्लोकों के नियमित पाठ से मिलेगा तनाव से छुटकारा, रात में मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह : स्वामी ज्ञानानंद
कानपुर

Kanpur : गीता के 18 श्लोकों के नियमित पाठ से मिलेगा तनाव से छुटकारा, रात में मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह : स्वामी ज्ञानानंद

Akash Chaudhary

हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के कार्यक्रम में गीता मनीषी ने दिया तनाव से आत्मसंयम का मंत्र

तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर जोर, बोले- सफलता के लिए शरीर के साथ मन का उपस्थित होना जरूरी

Kanpur।  आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने और आत्मसंयम विकसित करने के लिए श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। यह संदेश गीता मनीषी परम पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दूसरे सत्र में दिया। ‘भगवद्गीता : तनाव से आत्मसंयम’ विषय पर मुख्य उद्बोधन देते हुए उन्होंने मानसिक शांति, एकाग्रता और जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए।

#kanpur

स्वामी ज्ञानानंद जी ने कहा कि किसी भी कार्य में पूर्ण सफलता प्राप्त करने के लिए केवल शारीरिक उपस्थिति पर्याप्त नहीं है, बल्कि शरीर के साथ मन का उपस्थित होना भी अनिवार्य है। जब व्यक्ति अपने मन को नियंत्रित कर एकाग्रता के साथ कर्म करता है, तो उसे सदैव श्रेष्ठ परिणाम मिलते हैं। डिजिटल युग में तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने इनके सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग पर विशेष बल दिया।

संबोधन के दौरान स्वामी जी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का प्रेरक उदाहरण देते हुए बताया कि वे नियमित रूप से श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ करते थे। उन्होंने कहा कि गीता मनुष्य के विवेक को जागृत करती है और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। दैनिक दिनचर्या में सुधार के लिए उन्होंने ‘अष्टादश श्लोकी गीता’ के 18 श्लोकों का नियमित पाठ करने की सलाह दी। साथ ही, भोजन ग्रहण करने से पूर्व एक श्लोक पढ़ने और रात्रि में सोने से पहले मोबाइल फोन से दूरी बनाकर गीता का पाठ करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, यह अभ्यास व्यक्ति को तनाव से मुक्त कर आत्मसंयम की दिशा में ले जाता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति प्रो. संजीव गुप्ता ने गीता को जीवन में सकारात्मक सोच और संतुलन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का सामना धैर्य और विवेक से करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही गीता का सच्चा सार है।

वहीं, विशेष वक्ता के रूप में राज्य भाषा सलाहकार समिति एवं राज्यस्तरीय विशेष समिति, उत्तर प्रदेश के सदस्य अवनीश त्रिपाठी ने गीता के सिद्धांतों को कर्तव्यबोध और मानसिक स्थिरता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि गीता कठिन समय में विचलित होने के बजाय कर्म पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा देती है। संगोष्ठी में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और गीता के जीवनोपयोगी संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।