प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना होते समय हुआ हादसा, ट्रेन में मची अफरातफरी, यात्रियों में दहशत
Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। गोरखपुर जा रही चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पटरी से उतर गए। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना होने वाली थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर सात पर खड़ी थी। सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन ने आगे बढ़ना शुरू किया।

अभी ट्रेन प्लेटफॉर्म से पूरी तरह निकल भी नहीं पाई थी कि उसके चार कोच पटरी से उतर गए। अचानक झटका लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आ गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव से जुड़े इंतजाम किए गए। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।
चार कोच के पटरी से उतरने के कारण स्टेशन पर रेल परिचालन भी प्रभावित होने की आशंका है। रेलवे प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त कोचों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने हादसे से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की बात कही है। फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की सूचना से रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

