दो गिरफ्तार, 59 फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र, 4.53 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद
Kanpur। बिना पढ़ाई के डिग्री और मार्कशीट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये कमाने वाले एक संगठित गिरोह का कमिश्नरेट की एसआईटी और फीलखाना थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षा बोर्डों के नाम पर तैयार किए गए 59 फर्जी मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन और प्रोविजनल प्रमाणपत्र बरामद किए गए।
पुलिस ने चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अपराध से अर्जित 4.53 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह कई वर्षों से देश के अलग-अलग राज्यों में अपना नेटवर्क चलाकर फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर बेच रहा था।
आरोपित मोबाइल और ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे और मोटी रकम लेकर उनकी मांग के अनुसार नकली प्रमाणपत्र उपलब्ध कराते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए बड़ी संख्या में लोगों तक फर्जी दस्तावेज पहुंचाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ फीलखाना थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। अब गिरोह के सरगना समेत अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने में और कौन-कौन शामिल था तथा इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किन-किन स्थानों पर किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।


