पत्नी से अभद्रता और मारपीट का आरोप, कल्लू मास्टर व बेटे समेत कई पर केस
Kanpur । कोतवाली क्षेत्र के खास बाजार शिवाला में दुकान के बाहर काउंटर लगाने को लेकर विवाद में कपड़ा कारोबारी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची कारोबारी की पत्नी के साथ भी मारपीट और छेड़खानी किए जाने का आरोप है। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, खास बाजार शिवाला स्थित अपार्टमेंट में उसकी कपड़े की दुकान है। दुकान के बाहर सड़क पर राधिका ज्वैलर्स के संचालक केके यादव ने कल्लू कहार का काउंटर किराये पर लगवा रखा है। 26 नवंबर की शाम करीब सात बजे दुकान पर एक लड़का कपड़े देने पहुंचा था। इसी दौरान काउंटर लगाने को लेकर कल्लू कहार उर्फ कल्लू मास्टर और उसके बेटे विशाल कश्यप ने उससे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कल्लू मास्टर, विशाल और आठ से दस अन्य युवक दुकान पर पहुंचे।
कारोबारी को दुकान से बाहर खींचकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में कई चोटें आईं। पति को बचाने पहुंची पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट और अभद्रता की। उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

