बिल्हौर में बसपा की जनसभा, भाजपा के साथ सपा-कांग्रेस पर भी साधा निशाना; अवधेश कोरी के समर्थन में मांगे वोट
Kanpur । विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बिल्हौर से चुनावी अभियान तेज कर दिया है। बैरी गांव स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर प्रचार में हजारों करोड़ रुपये खर्च करने, सरकारी पद खाली रखने और युवाओं को रोजगार नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने सपा और कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए बिल्हौर से बसपा प्रत्याशी अवधेश कोरी के समर्थन में वोट मांगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दल जनता को नारों और विज्ञापनों से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन मतदाताओं को वास्तविक कामकाज के आधार पर फैसला करना चाहिए। उन्होंने कानपुर के औद्योगिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि शहर की पहचान मजदूरों के संघर्ष और मेहनत से बनी है। कपड़ा व चमड़ा उद्योग में बहुजन समाज की पीढ़ियों ने योगदान दिया, लेकिन मिलों के बंद होने से हजारों परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया।
प्रचार पर खर्च, युवाओं के भविष्य पर सवाल
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में करीब सात हजार करोड़ रुपये विज्ञापन और प्रचार पर खर्च किए गए, जबकि सरकारी विभागों में 13 लाख से अधिक पद खाली हैं। पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के इंतजार में भटकना पड़ रहा है। स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय बंद करने के बजाय शिक्षकों की भर्ती होनी चाहिए।
सुरक्षा और सामाजिक न्याय पर भी घेरा
आकाश आनंद ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कैमरे के सामने घुमाने से नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने और दोषियों को अदालत से सजा दिलाने से कानून का भरोसा मजबूत होगा। कांग्रेस पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा तथा समाजवादी पार्टी पर दलित सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। सपा के पीडीए नारे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अपने अधिकारों और आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेगा।
बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था, गरीबों के आवास, बेटियों की शिक्षा और शिक्षकों, सफाई कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों की भर्तियों का उल्लेख किया। अंत में उन्होंने अवधेश कोरी को भारी मतों से जिताने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य रखते हुए कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।

