सतेंद्र, आर्यन, अदिता और विकास ने दागे एक-एक गोल
Kanpur । छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में अंतर महाविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया। इसमें सीएसजेएमयू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में हुई प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों के बाद पहले सेमीफाइनल डीएवी कॉलेज ने जागरण कॉलेज को कड़ी टक्कर के बाद पेनल्टी शूटहाउट में हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सीएसजेएमयू की टीम को बाई मिला और उसने खिताबी मुकाबले में स्थान पक्का किया।
फाइनल मुकाबले में सीएसजेएमयू की ओर से खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम के सतेंद्र सिंह, आर्यन सिंह, अदिता कुंवर और विकास कार्की ने एक-एक गोल कर डीएवी कॉलेज की टीम को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया।
विश्वविद्यालय की टीम ने पूरे मैच में बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत दर्ज की। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पाण्डेय, खेल सुविधा निदेशक डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, डॉ. दिवाकर अवस्थी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

