Kanpur। खेल प्रतिभाओं को बचपन से पहचानने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में कानपुर ओलंपिक एसोसिएशन अनूठी पहल करने जा रहा है। ‘बेबी गेम्स 2026’ का आयोजन पांच से नौ अक्तूबर तक ग्रीनपार्क में होगा। इसमें तीन से 8.5 वर्ष तक के बच्चे करीब 25 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को मिशन ओलंपिक 2036 से जोड़कर देखा जा रहा है।
तैयारियों को लेकर सोमवार को आयोजित बैठक में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और स्कूलों के खेल शिक्षकों समेत 172 प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में प्रतियोगिता के स्वरूप, खेलों के नियम, आयु वर्ग और व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। कानपुर ओलंपिक एसोसिएशन के डॉ. रजत आदित्य दीक्षित ने बताया कि बच्चों की उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार खेलों के नियमों और प्रारूप में बदलाव किया जाएगा, जिससे मुकाबले सुरक्षित और बच्चों के अनुकूल रहें।
प्रतियोगिता में तीन से 4.5, 4.5 से 6.5 और 6.5 से 8.5 वर्ष के आयु वर्ग बनाए गए हैं। कानपुर के अलावा आसपास के जिलों और देश के अन्य हिस्सों से भी बच्चे इसमें हिस्सा ले सकेंगे। ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है।
स्कूलों में पहुंचेगा ‘गज्जू भैया’
बेबी गेम्स का मैस्कट ‘गज्जू भैया’ स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को प्रतियोगिता के लिए प्रेरित करेगा। कानपुर समेत आसपास के जिलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। भारतीय पारंपरिक और देशज खेलों के प्रदर्शन के साथ बच्चों को पुरस्कार व उपहार देकर प्रोत्साहित करने की भी तैयारी है।
आयोजन समिति के मुताबिक इसका उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि पैदा कर उनकी प्रतिभा को शुरुआती स्तर पर पहचानना है। आगे इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि रविंद्र पाठनी रहे, जबकि अध्यक्षता राकेश गुप्ता ने की। इस दौरान विनय पांडे, आरपी सिंह, राजा भारत अवस्थी, सर्वेश तिवारी, दिनेश भदौरिया, साधना मिश्रा, मनीषा सोनकर, वैभव गौड़, सौरभ गौड़, सुलोचना, रक्षा चतुर्वेदी, कौशलेंद्र सिंह, विपिन कुमार, कुलदीप और महबूब समेत खेल संघों व विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


