गंभीरपुर गांव में वारदात से मचा हड़कंप, महिला और सास हिरासत में; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
Kanpur । साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में रविवार को 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अतुल उर्फ गोपाल तिवारी के रूप में हुई है। युवक की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने महिला और उसकी सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, जबकि महिला का पति और ससुर फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, अतुल गांव की ही सुमन के बुलाने पर उसके घर गया था। आरोप है कि इसी दौरान सुमन के पति विकास और ससुर कल्लू अवस्थी ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर हालत में युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची साढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमन और उसकी सास को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपित विकास और कल्लू अवस्थी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

