Kanpur। केसीए से आबद्ध व फ्रेंड्स यूनियन क्रिकेट क्लब की ओर से प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में सदर्न क्लब ने फ्रेंड्स यूनियन को छह विकेट से मात दी। जीत में अभिषेक कुमार ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया।
सप्रू स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में फ्रेंड्स यूनियन की टीम सदर्न क्लब की घातक गेंदबाजी के आगे 27.2 ओवर में 115 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से पार्थ सप्रू ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, तो गेंदबाजी में सदर्न क्लब से आदित्य दीक्षित ने तीन, अभिषेक कुमार व अक्षत श्रीवास्तव ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सदर्न क्लब ने 21.2 ओवर में चार विकेट के पतन पर 119 रन बनाकर मैच जीता। जीत में रोहित ने 44 रन, अभिषेक कुमार ने नाबाद 53 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में फ्रेंड्स यूनियन से आदित्य सिंह ने तीन विकेट चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक कुमार को चुना गया।


