Mumbai । हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री नरगिस फाखरी अपनी नियमित जिम वर्कआउट रूटीन से हटकर पिलाटेस सेशन को चुना है। नरगिस ने यह बदलाव अपने प्रशंसकों के साथ सोशल मीडिया के जरिए साझा किया। नरगिस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिलाटेस स्टूडियो से एक मिरर सेल्फी शेयर की, जिसमें वह अपनी पिलाटेस क्लास शुरू होने से पहले आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरपूर नजर आ रही थीं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, अब इस दमदार पिलाटेस क्लास को आजमाने जा रही हूं।
यह दर्शाता है कि वह अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए नए तरीकों को अपनाने में हमेशा आगे रहती हैं। अभिनेत्री के इस कदम ने उनके प्रशंसकों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि पिलाटेस आजकल कई मशहूर हस्तियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह न केवल शरीर को लचीलापन और मजबूती प्रदान करता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता में भी मदद करता है। नरगिस फाखरी अपनी पहली फिल्म रॉकस्टार से ही अपनी आकर्षक छवि और सक्रिय जीवनशैली के लिए जानी जाती रही हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो नरगिस फाखरी हाल ही में रिलीज हुई कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म हाउसफुल 5 में नजर आई थीं। तरुण मनसुखानी के निर्देशन में बनी इस मल्टी-स्टारर फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, संजय दत्त, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडिस, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा, सौंदर्या शर्मा, चंकी पांडे, निकितिन धीर और जॉनी लीवर सहित कई नामचीन कलाकार दिखाई दिए।
यह फिल्म एक मर्डर मिस्ट्री कॉमेडी है, जिसमें एक अरबपति की मौत के बाद उसकी संपत्ति पर दावा करने वाले कई लोगों की कहानी को एक लग्जरी क्रूज के बीच हास्य और रोमांच के साथ पेश किया गया है, जिसमें नरगिस ने अपने किरदार के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा, नरगिस मस्ती 4 में भी नजर आई हैं। मिलाप जावेरी के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी फिल्म में रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जो दर्शकों को गुदगुदाने में सफल रही।
नरगिस ने साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म रॉकस्टार से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई थी, जहाँ उनकी मासूमियत और अभिनय को सराहा गया। इसके बाद वह मद्रास कैफे, मैं तेरा हीरो, हाउसफुल 3 जैसी सफल हिंदी फिल्मों और हॉलीवुड फिल्म स्पाई में भी नजर आ चुकी हैं, जिससे उनकी अभिनय क्षमता की बहुमुखी प्रतिभा सामने आई है। वहीं, इसी साल उन्होंने दुबई में इजरायल-ईरान तनाव के दौरान चिंता और अनिद्रा से जूझने का अपना अनुभव भी सोशल मीडिया पर साझा किया था। अभिनेत्री ने बताया था कि अनिश्चितता और तनाव के कारण उन्हें रातों में नींद नहीं आ रही थी और उनका मन लगातार बेचैन बना हुआ था। इस खुलासे ने उनके प्रशंसकों को उनकी मानवीय और संवेदनशील पक्ष से रूबरू कराया।


