14 अगस्त को लखनऊ में होगा चौथे सीजन का धमाकेदार आगाज
24 जुलाई को आगरा में मिनी ऑक्शन को अभिनेता अंगद बेदी करेंगे होस्ट
Kanpur । पहली बार दो शहरों में होने जा रही यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत काफी धमाकेदार होने जा रही है। धुरंधर फिल्म में अपने गाने से पूरी दुनिया में धमाल माचने वाली गायिका जैस्मीन सैंडलस 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में अपनी शानदार आवाज से लोगों को मदहोश करेंगी। वहीं उनके साथ विश्व प्रसिद्ध सितार वादक रिषभ रिकीराम शर्मा भी अपनी छाप छोड़ेंगे।

वहीं धमाकेदार ड्रोन शो और 100 डांसर का ग्रुप स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देगा। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। जो संभवतः लखनऊ में सोमवार को टिकट लॉचिंग कार्यक्रम में की जा सकती है।
जिसमें पहले दिन की टिकट मुख्यमंत्री के सलाहाकार अवनीश अवस्थी जारी करेंगे। यह टिकट डिस्ट्रिक से ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। यूपी टी-20 लीग लीग के चौथे सीजन के मुकाबले लखनऊ के इकाना और कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम खेले जाएंगे। 14 अगस्त से शुरू होने वाली लीग के 22 मुकाबले इकाना और 12 मुकाबले ग्रीन पार्क की मेजबानी में खेले जाएंगे। लीग में 100 रुपये से लेकर 600 रुपए तक की टिकट रखी गयी है।
हालांकि उद्घाटन समारोह में टिकट की कीमत अधिक रहेंगी। यह 300 से 600 रुपए तक की हो सकती हैं। इसके अलावा लीग का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में होना प्रस्तावित है। इस नीलामी में जहां प्रत्यके जिले से दो बोर्ड ट्रॉफी खिलाड़ियों को रखे जाने की नई पहल की गयी है वहीं नीलामी को होस्ट बॉलीवुड अभिनेता अंगद बेदी करेंगे। जो पूर्व भारतीय क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी के बेटे तथा अभिनेत्री नेहा धूपिया के पति हैं।


