Lucknow । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों के अटूट विश्वास का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश ‘नए भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिसका प्रमाण हाल के विधानसभा चुनावों के ऐतिहासिक परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा गठबंधन को मिली सफलता जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती और जन-जन के विश्वास की जीत बताया।
उन्होंने आगे कहा कि यह जनादेश केवल राजनीतिक सफलता नहीं है, बल्कि ‘नए भारत-विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि को नई दिशा और गति प्रदान करने वाला है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश और अधिक तेजी से विकास की ओर अग्रसर होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनके समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता जमीनी स्तर पर किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
इसके साथ ही उन्होंने सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद के प्रति समर्थन देने के लिए जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का यह विश्वास ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की सबसे बड़ी ताकत है।


