मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 3 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : जमीन का रिकॉर्ड मांगने पर लेखपाल से भिड़े मिल मालिक, मारपीट
कानपुर

Kanpur : जमीन का रिकॉर्ड मांगने पर लेखपाल से भिड़े मिल मालिक, मारपीट

Akash Chaudharyअपडेट: November 3, 2026

 ग्राम समाज की संपत्ति का सत्यापन करने पहुंचे थे लेखपाल, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

Kanpur। । ग्राम समाज की जमीन का रिकॉर्ड सत्यापित करने पहुंचे लेखपाल को मिल मालिक से रिकॉर्ड मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि तातियागंज स्थित हिना फ्लोर मिल में मिल मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लेखपाल से अभद्रता की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। घटना के बाद किसी तरह वहां से निकले लेखपाल ने अधिकारियों को सूचना दी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मिल मालिक समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र की महराजपुर ग्राम पंचायत का है। लेखपाल सुनील कुमार चौधरी ने पुलिस को बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर तहसीलदार बिल्हौर के निर्देश पर वह ग्राम समाज की संपत्ति के रजिस्टर का सत्यापन करने गए थे। इसके लिए वह कानूनगो अनुभव चंद्रा के साथ तातियागंज स्थित हिना फ्लोर मिल पहुंचे थे।

लेखपाल के मुताबिक, मिल के अंदर पहुंचते ही मालिक विजय गुप्ता ने बैठक की सूचना का मैसेज आने को लेकर उनसे बहस शुरू कर दी। आरोप है कि बातचीत जल्द ही विवाद में बदल गई। मिल मालिक और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली। किसी तरह वहां से निकलकर लेखपाल ने तहसीलदार और एसडीएम बिल्हौर को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद चौबेपुर थाने पहुंचकर मिल मालिक विजय गुप्ता और उसके आधा दर्जन साथियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर लोक संपत्ति अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल संघ में भी नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।