अंडर-23 मेंस ट्रॉफी एक दिसंबर से कटक में होगी शुरू, पहले मैच में असम से भिड़ेगी उत्तर प्रदेश टीम
Kanpur। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से प्रदेश के 30 खिलाड़ियों के बीच प्रदर्शन के आधार पर टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। शुक्रवार को ग्रीन पार्क में खेले गए अंडर-23 ए टीम के अंतिम चयन मुकाबले में खिलाड़ियों ने गेंद व बल्ले का दम दिखाकर टीम में चयन का दावा पेश किया।
मेंस अंडर-23 ए पुरुष ट्राफी की शुरुआत एक दिसंबर से कटक में हो रही है। पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना असम की टीम से होगा। कैंप के प्रदर्शन के आधार पर जल्द ही यूपीसीए की ओर से उत्तर प्रदेश टीम की घोषणा की जा सकती है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से चुनकर आए प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 30 खिलाड़ियों के बीच ग्रीन पार्क में चार टी-20 चयन मैच खेले गए। इसमें खिलाड़ियों ने गेंद व बल्ले का दम दिखाकर अंतिम मौके को भुनाया और टीम के लिए दावा पेश किया। कैंप में खिलाड़ियों की स्किल के साथ फिटनेस को परखा गया। कोच मो. आमिर, शशिकांत खांडेकर व कपिल पांडेय ने बारी-बारी हर खिलाड़ी की क्षमता को करीब से परखा।
कोच ने कहा कि प्रदर्शन के आधार पर टीम में खिलाड़ियों का चयन होगा। यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि एक-दो दिन में प्रदेश टीम की घोषणा की जाएगी। टीम में कानपुर, लखनऊ, आगरा, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, सहारनपुर समेत प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ियों ने छाप छोड़ी है।

