Kanpur । स्वर्गीय दिलीप घोष मेमोरियल अंडर-16 सेवन ए साइड हाकी टूर्नामेंट का आयोजन 28 व 29 को ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। एस्ट्रो टर्फ पर होने वाले मुकाबले में इटावा, फर्रुखाबाद, कानपुर, ग्रीन पार्क, डीपीएस बर्रा व कैंट बोर्ड की टीम से खिलाड़ी स्टिक का दम दिखाएंगे। हाकी एसोसिएशन कानपुर देहात की ओर से टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जूनियर खिलाड़ियों को स्टेट टूर्नामेंट के लिए तैयार किया जाएगा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी पाल देवेंद्र की ओर से होने वाले टूर्नामेंट का उद्देश्य जूनियर स्तर पर हाकी खिलाड़ियों को तैयार करना है। वे इससे पहले स्कूल हाकी टूर्नामेंट व बेसिक हाकी फाउंडेशन के जरिये शहर व आस-पास जिलों से राष्ट्रीय खेल की पौध संवार चुके हैं। अंडर-16 प्रतियोगिता के जरिये शहर व आस-पास जिलों से आने वाले खिलाड़ियों को प्रतिभा का मंच दिया जाएगा।

