मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 30 October 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : सौर ऊर्जा से जगमगाएगा रामपुर भीमसेन, बनेगा मॉडल गांव
कानपुर

Kanpur : सौर ऊर्जा से जगमगाएगा रामपुर भीमसेन, बनेगा मॉडल गांव

Akash Chaudharyअपडेट: October 30, 2026

110.48 किलोवाट क्षमता के लगेंगे सौर संयंत्र, डीएम ने एक करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना को दी मंजूरी

Kanpur । कल्याणपुर विकासखंड के रामपुर भीमसेन गांव को सोलर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए गांव में 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। परियोजना पर एक करोड़ 28 हजार 13 रुपये खर्च होने का अनुमान है। शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शिविर कार्यालय में हुई बैठक में परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी गई।

#kanpur

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रामपुर भीमसेन का चयन मई 2025 में सोलर मॉडल ग्राम के लिए किया गया था। इसके बाद नई दिल्ली की बसुधा फाउंडेशन ने गांव का सर्वेक्षण कर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मानकों के अनुरूप डीपीआर तैयार की। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया। डीएम ने रिपोर्ट का अनुमोदन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए।

परियोजना की कुल लागत में 96 लाख 62 हजार 945 रुपये केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में प्रस्तावित हैं, जबकि तीन लाख 65 हजार 68 रुपये का अंशदान स्वयं सहायता समूहों की ओर से किया जाएगा। इसके तहत पंचायत भवन, पात्र सरकारी भवनों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों में सौर ऊर्जा आधारित सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक गांव को सोलर मॉडल ग्राम बनाने की पहल की गई है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रति गांव एक करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान है। रामपुर भीमसेन में परियोजना लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।