मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा, साथियों की तलाश में दबिश
Kanpur । गुजैनी के मर्दनपुर में घर पर ईंट-पत्थर बरसाने और परिवार को धमकाने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को सड़क पर पैदल ले जाकर परेड भी कराई। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में दबंगई दिखाने वालों में खलबली मच गई।
मर्दनपुर निवासी निखिल तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात पंकज ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि आरोपितों ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुए पथराव से परिवार के लोग सहम गए। घटना के बाद मोहल्ले में भी दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित की तहरीर पर गुजैनी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी और एडीसीपी क्राइम के निर्देश पर गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। उपनिरीक्षक सैय्यद जुबेर अहमद ने पुलिस टीम के साथ आरोपित की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार सटीक सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर पंकज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पंकज ठाकुर पनकी थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और मारपीट समेत करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सड़क पर पैदल लेकर गई और परेड कराई। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


