Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के जूनियर डिवीजन के सेमीफाइनल मैच में ओलंपिक क्लब ने आरबीआई को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर केडीएमए क्रिकेट लीग के सीनियर डिवीजन में बुधवार को खेले गए मुकाबले में कानपुर क्रिकेटर्स ने कानपुर साउथ को चार विकेट से पराजित किया।
जाजमऊस्थित जेम्स क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरबीआई ने 32.5 ओवर में 124 रन बनाए। टीम से अंकुर कपूर ने 63 रन, निखिल ने 31 रन जोड़े, तो गेंदबाजी में अभिजीत सिंह ने चार, अनिकेत यादव ने तीन को आउट किया। जवाब में ओलंपिक क्लब ने 17.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में पुनीत ने नाबाद 57 रन, प्रतेश दीक्षित ने 41 रन व सुशांत ने 24 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शिवम व कोमल सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। चार विकेट लेने वाले अभिजीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में कानपुर साउथ की टीम ने 32 ओवर में सात विकेट पर 215 रन बनाए। टीम से उत्कर्ष यादव ने 71 रन, सागर शर्मा ने 33 रन, अनुज पाल ने 31 रन बनाए, तो गेंदबाजी में प्रशांत अवस्थी ने चार, समन्वय दीक्षित ने दो को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर क्रिकेटर्स ने 30 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत में समन्वय दीक्षित ने 93 रन की बेहतरीन पारी व ध्रुव तोमर ने 40 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अनुज पाल ने तीन, शौर्यदीप ने दो को आउट किया। प्लेयर प्रदर्शन के लिए समन्वय दीक्षित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


