Kanpur। ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने अरमापुर क्षेत्र स्थित ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर मौजूद मौलवियों और प्रबंधन समिति के सदस्यों से संवाद कर आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
डीसीपी ने निर्देश दिए कि ईद के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।


