Kanpur। चैत्र नवरात्र के मद्देनजर शहर में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को जोन-6 स्थित काली मठिया मंदिर (शास्त्री नगर) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही मिलने पर नाराजगी भी जताई।
नगर आयुक्त ने नवरात्र के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्गों पर बेरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि दोपहिया वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि स्थायी व्यवस्था के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए। परिसर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और नियमित सफाई के लिए 15 कर्मचारियों की तीन पालियों में तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने चूना छिड़काव और कूड़ा निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान काली मठिया के पास स्थित नगर निगम की बारातशाला और लाइब्रेरी की जर्जर हालत पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने बारातशाला के पुनरुद्धार के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें टाइल्स बदलने, शौचालय मरम्मत और वार्ड कार्यालय के लिए अलग कक्ष बनाने की व्यवस्था शामिल होगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने भैरवघाट और भगवतदास घाट स्थित विद्युत शवदाह गृहों का निरीक्षण किया। भैरवघाट पर दोनों फर्नेस चालू मिले, लेकिन गंदगी और लावारिस कार मिलने पर उन्होंने तत्काल सफाई और वाहन हटाने के निर्देश दिए। भगवतदास घाट पर एक मशीन बंद मिलने पर संबंधित कंपनी से समन्वय कर उसे चालू कराने या नई मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
गुप्तारघाट मोड़ स्थित कूड़ाघर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने C&D वेस्ट को नियमित रूप से पनकी प्लांट भेजने के निर्देश दिए, ताकि कचरे का अंबार न लगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवरात्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।


