Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) के वरिष्ठ अम्पायर मानिक गुप्ता (60) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वह शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में अंडर-13 लीग मुकाबले में अम्पायरिंग कर रहे थे, तभी मैच समाप्त होने के बाद मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और अम्पायरों पर हमला कर दिया। इस घटना में कई खिलाड़ी और अम्पायर घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल मानिक गुप्ता को तत्काल कानपुर के हैलट अस्पताल और फिर हृदय रोग संस्थान ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।फीलखाना निवासी मानिक गुप्ता पिछले करीब 30 वर्षों से केसीए के अम्पायरिंग पैनल से जुड़े थे और खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। वह अपने पीछे पत्नी और चार पुत्रियों को छोड़ गए हैं।
उनका अंतिम संस्कार भगवत दास घाट पर किया गया, जहां उनकी छोटी पुत्री सृमद्धी गुप्ता ने मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार में एस.एन. सिंह, कौशल कुमार सिंह, संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में केसीए के अम्पायर, स्कोरर और खिलाड़ी उपस्थित रहे।


