रावतपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, ऑपरेशन “व्हाइट पाउडर” में बड़ी सफलता
Kanpur । कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर पश्चिमी जोन में डीसीपी व एसीपी के नेतृत्व में रावतपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर तस्करी में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसा, जिससे अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त अपराध (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में रावतपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन व्हाइट पाउडर” के तहत बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 49.388 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल है। लगातार चल रहे अभियान से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होता दिख रहा है।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया है।


