कई परिसरों को सील
Kanpur ।कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर में अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्यांल के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने बिठूर और मंधना क्षेत्र में लगभग 14 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया और कई परिसरों को सील कर दिया।
मैनावती मार्ग स्थित परमियापुरवा में अर्चना निषाद, राम खिलावन और कटियार द्वारा लगभग 8 बीघा में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग की जा रही थी। ओएसडी/एसडीएम डाॅ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने 03 जेसीबी मशीनों की मदद से वहां निर्मित सड़कों, नालों, बाउंड्री वॉल, बिजली के खंभे और एंट्री गेट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रवर्तन टीम ने बैकुंठपुर और मंधना में राजावत व अन्य द्वारा बिना अनुमति किए गए लगभग 3 बीघा निर्माण को उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 28(क) के तहत सील किया। इसके अलावा कल्याणपुर और बिठूर में करीब 7 बीघा अवैध प्लाटिंग चिन्हित की गई है, जिस पर जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
केडीए ने दो अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स को भी नोटिस जारी किया है। इसमें आलोक और विनय तिवारी की 2.5 बीघा निर्माणाधीन साइट और चंद्रगुप्त त्रिपाठी की 2000 वर्ग मीटर अवैध प्लाटिंग शामिल हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो इन्हें भी सील और ध्वस्त किया जाएगा।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय अवर अभियंता श्रवण कुमार, हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज, राज कुमार, लाल सिंह और थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।केडीए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना ले-आउट पास कराए प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।


