Thursday, March 19, 2026
HomeकानपुरKanpur : अवैध एलपीजी रिफिलिंग का भंडाफोड़, चार ठिकानों पर छापा; 44...

Kanpur : अवैध एलपीजी रिफिलिंग का भंडाफोड़, चार ठिकानों पर छापा; 44 सिलेंडर बरामद

घरेलू गैस से चल रहा था धंधा, चार आरोपितों पर मुकदमा दर्ज

Kanpur।शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के सहारे चल रहे अवैध कारोबार पर गुरुवार को प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए एक साथ चार ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 44 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें घरेलू और कॉमर्शियल दोनों श्रेणियों के सिलेंडर शामिल हैं। मामले में चार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

#kanpur

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध एलपीजी नेटवर्क में हड़कंप मच गया।अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) राजेश कुमार के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर लाल बंगला स्थित न्यू सब्जी मंडी क्षेत्र में अर्जेंट रिपेयरिंग सेंटर, न्यू स्वीटी किचन सेंटर और स्वाति किचन सेंटर पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान यहां घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग और व्यावसायिक उपयोग का खेल बेखौफ तरीके से संचालित होता मिला।

जांच में अर्जेंट रिपेयरिंग सेंटर से चार घरेलू सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला उपकरण बरामद किया गया। न्यू स्वीटी किचन सेंटर से 10 छोटे कॉमर्शियल और सात घरेलू सिलेंडर के साथ रिफिलिंग उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की गई। वहीं स्वाति किचन सेंटर से 13 घरेलू और चार कॉमर्शियल सिलेंडर बरामद हुए।

इसी क्रम में न्यू ब्लॉक स्थित कृष्णा स्वीट हाउस पर भी टीम ने छापेमारी की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पनीर बनाया जा रहा था। मौके से छह गैस सिलेंडर बरामद किए गए और कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि यह एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण) आदेश-2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनपद में गैस आपूर्ति सामान्य है और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...