Thursday, February 5, 2026
HomeकानपुरKanpur : शादी से इनकार पर सिरफिरे प्रेमी का खूनी हमला, सर्जिकल...

Kanpur : शादी से इनकार पर सिरफिरे प्रेमी का खूनी हमला, सर्जिकल ब्लेड से युवती को किया लहूलुहान

 

Kanpur । नजीराबाद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत सामने आया है। शादी से इनकार किए जाने से आक्रोशित प्रेमी ने अपनी प्रेमिका पर सर्जिकल ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार जवाहर नगर निवासी सोनिया उर्फ सोनी का पिछले तीन माह से गोलू नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकात होती थी। इसी दौरान गोलू ने सोनिया पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। सोनिया द्वारा स्पष्ट रूप से शादी से मना किए जाने पर आरोपी आपा खो बैठा।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गोलू ने मौका पाकर सोनिया पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सोनिया लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही नजीराबाद थाना पुलिस सक्रिय हो गई। घायल युवती के परिजनों की तहरीर पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजकेसर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोलू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 118(1) और 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक प्रवीण सिंह, जयसिंह, राहुल राज और कांस्टेबल क्षेत्रपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...