Kanpur । नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से पाले जा रहे मवेशियों और आवारा पशुओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को ‘चट्टा हटाओ और पशु जब्तीकरण’ अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 19 मवेशियों को जब्त कर गौशाला भेज दिया। अभियान के दौरान पशु पालकों में हड़कंप मचा रहा।
नगर निगम की टीम ने लक्ष्मी नारायण मंदिर (बसंत विहार), नौबस्ता और किदवई नगर के वाई ब्लॉक क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से पाले जा रहे 4 भैंस और 15 गायों (बछड़ों सहित) को कब्जे में लिया। इसके अलावा नगर निगम सीमा के अलग-अलग इलाकों से 22 आवारा पशुओं को भी पकड़कर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सड़कों पर पशु छोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पशु कल्याण विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में चट्टा संचालकों और पशु मालिकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक ₹56.26 लाख का जुर्माना वसूला जा चुका है। राजस्व वसूली के मामले में कानपुर नगर निगम प्रदेश के 17 नगर निगमों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जो सख्ती का परिणाम माना जा रहा है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति अपने पशु सड़कों पर छोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ ही पशु जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह, राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार समेत प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग टीम मौजूद रही।


