इलाके में मचा हड़कंप, उर्सला अस्पताल में इलाज जारी
Kanpur । कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत सचेंडी थाना क्षेत्र में कूड़े के ढेर में हुए अचानक तेज धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की चपेट में आकर चार मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग एक बजे थाना सचेंडी पुलिस को सूचना मिली कि कस्बा सचेंडी में रहने वाले चार बच्चे आग से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की गई। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया।
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि घटनास्थल के पास आग जल रही थी। उसी दौरान वहां मौजूद कोई पदार्थ आग के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें अचानक आग भड़क उठी और यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं, सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में कूड़े के ढेर में किसी ज्वलनशील पदार्थ के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार धमाके और आग की चपेट में आने से बच्चों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। उनका गहन उपचार किया जा रहा है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी में जुटी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कूड़े के ढेरों की नियमित जांच कराई जाए और खुले में आग जलाने पर सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


