Kanpur । ब्रिज फेडरेशन ऑफ इंडिया, सर पदमपत सिंहानिया ब्रिज अकादमी व कैलाशपत सिंहानिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 25वीं ऑल इंडिया सर पदमपत सिंहानिया मेमोरियल आमंत्रण पेयर्स ब्रिज टूर्नामेंट 2026 का आयोजन होगा। जो 20 से 22 फरवरी तक कैंट स्थित कानपुर क्लब में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में कुल चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
टूर्नामेंट में दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, कोलकाता, कानपुर, अहमदाबाद, गोवा, मध्य प्रदेश और नागपुर सहित देशभर से चुनिंदा दिग्गज ब्रिज खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2000 में स्व. डॉ. गौरहरी सिंघानिया ने अपने पिता स्व. सिर पदमपत सिंहानिया की स्मृति में की थी। इस वर्ष इसके 25 साल पूरे हो रहे हैं। यह प्रतियोगिता सिंहानिया परिवार की ब्रिज बौद्धिक खेलों को बढ़ावा देने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जाता है।
खेल विकास की इस परंपरा को स्व. यदुपति सिंहानिया ने आगे बढ़ाया, जो वर्तमान में सुशीला सिंहानिया, डॉ. निधिपति सिंहानिया, डॉ. राघवपत सिंहानिया और माधवकृष्ण सिंहानिया के मार्गदर्शन में जारी है। टूर्नामेंट में 26 शीर्ष जोड़ियां भाग लेंगी, जो 13 टेबलों पर मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में 25 राउंड खेले जाएंगे, प्रत्येक राउंड में छह बोर्ड होंगे और मुकाबले ऑल-प्ले-ऑल फॉर्मेट में आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान माई ब्रिज 360 डिजिटल प्लेटफॉर्म का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस प्लेटफॉर्म पर ब्रिज से जुड़ी जारी जानकारी मौजूद रहेगी।


