Saturday, October 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशLucknow : वोटर लिस्ट में 13 बार ‘विकास यादव’, नौ पर कार्रवाई

Lucknow : वोटर लिस्ट में 13 बार ‘विकास यादव’, नौ पर कार्रवाई

अखिलेश के आरोपों के बाद जांच में मिली गड़बड़ी, कंप्यूटर सहायक और पांच बीएलओ समेत तीन अधिकारी भी घेरे में

 

 

Lucknow । आजमगढ़ की मतदाता सूची में नामों और विवरणों में गड़बड़ी मिलने के बाद निर्वाचन विभाग ने नौ अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों के बाद कराई गई जांच में ‘विकास यादव’ नाम की 13 प्रविष्टियां सामने आईं। मामले में कंप्यूटर सहायक और पांच बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिम्मेदार पाया गया है। वहीं, तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी है।

समाजवादी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक व्यक्ति को मीडिया के सामने पेश किया था। पार्टी ने आरोप लगाया था कि एक ही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में एक व्यक्ति के नाम पर कई प्रविष्टियां दर्ज हैं। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए आजमगढ़ के जिला निर्वाचन अधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी थी।

11 प्रविष्टियों की जांच में अलग-अलग व्यक्ति मिले
जांच के दौरान ‘विकास यादव’ नाम की कुल 13 प्रविष्टियां मिलीं। इनमें एक प्रविष्टि गोरखपुर जिले की चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित थी। आजमगढ़ से जुड़ी दो प्रविष्टियां पहले ही हटाई जा चुकी थीं। शेष 11 प्रविष्टियों की जांच में अलग-अलग व्यक्ति पाए गए। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें एक व्यक्ति का वास्तविक नाम विकास यादव है, जबकि अन्य 10 लोगों के नाम मतदाता सूची में गलत दर्ज मिले। संबंधित विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरवाया गया है।

पांच बीएलओ को हटाने के निर्देश
जांच में कंप्यूटर सहायक और पांच बीएलओ की जिम्मेदारी तय की गई है। इन सभी को मतदाता सूची से संबंधित कार्य से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सेवा समाप्ति से जुड़ा नोटिस देने और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-32 के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।

इसके अलावा तत्कालीन ईआरओ और दो एईआरओ को भी नोटिस जारी किए जाएंगे। इन अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही के आरोप में विभागीय कार्रवाई के लिए आरोपपत्र जारी करने के निर्देश हैं।

पूरे जिले की मतदाता सूची की होगी पड़ताल
निर्वाचन विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आजमगढ़ की अन्य विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की भी पड़ताल कराने का निर्णय लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर आजमगढ़ की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए आयोग की भूमिका पर टिप्पणी की है। हालांकि, कांग्रेस के राजनीतिक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। निर्वाचन विभाग की जांच में नामों और विवरणों में गड़बड़ी मिलने की पुष्टि हुई है और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...