नरेंद्र मोदी देंगे 6,322 करोड़ की विकास सौगात
Varanasi । शिव की नगरी काशी मंगलवार को एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजन की साक्षी बनेगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। भाजपा द्वारा बरेका ग्राउंड में आयोजित इस सम्मेलन में करीब 50 हजार महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है। आयोजन की खासियत यह है कि इसकी पूरी कमान महिलाओं के हाथों में रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान 6,322 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 50 परियोजनाओं का उद्घाटन और 113 का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं का उद्देश्य पूर्वांचल में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना है।
सम्मेलन में महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
प्रधानमंत्री मंगलवार दोपहर बाद लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से बरेका जनसभा स्थल पर करीब शाम पांच बजे पहुंचेंगे। उनके स्वागत में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री रात में बीएलडब्ल्यू में विश्राम करेंगे और 29 अप्रैल की सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा वे जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
विकास परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, अस्पतालों का निर्माण व उन्नयन, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, पेयजल और सीवरेज योजनाएं, खेल सुविधाओं का विस्तार, घाटों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। इससे वाराणसी और पूर्वांचल के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


