New Delhi । मार्च का महीना अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को कूलर और एसी की याद दिला दी है।
दिन में चिलचिलाती धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। लोगों ने अभी से ही घरों में एसी और पंखे चलाने शुरू कर दिए हैं। इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। अधिक गर्मी के कारण सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं तेजी से फैल रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। 26 मार्च को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 27 मार्च को तेज सतही हवाओं के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है।
28, 29 और 30 मार्च को भी दिन में गर्मी तेज रहने की संभावना है। 30 और 31 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखकर प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में तापमान डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि लोग तापमान की जानकारी प्राप्त कर सकें और गर्मी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरत सकें।
विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए लोगों को कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतनी चाहिए। जिनमें धूप में निकलने से पहले छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें।
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, ताकि गर्मी कम महसूस हो। भरपूर मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। कैफीन और शराब के सेवन से बचें, क्योंकि यह शरीर में पानी की कमी कर सकते हैं। बाहर जाने से पहले अपने शरीर को हाइड्रेट रखें और धूप से बचने के उपाय करें।