Mahakumbh 2025: महाकुम्भ के दिव्य और भव्य आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है।
इन अधिकारियों पर विभिन्न गतिविधियों की देखरेख और प्रबंधन का दायित्व होगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रयागराज के द्वारा अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यक्षेत्र सौंप दिए हैं।
मेला आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार महाकुम्भ-2025 के किसी भी कार्य के लिए अधोहस्ताक्षरी के आदेशानुसार सभी आवश्यक कार्यवाही के प्रभारी होंगे।
वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय कुमार सिंह झूसी और आस-पास के क्षेत्र का सम्पूर्ण प्रबंधन देखेंगे। अपर जिलाधिकारी (भूलेख) कुँवर पंकज नैनी और उसके आस-पास के क्षेत्र का कार्य देखेंगे।
जबकि अपर जिलाधिकारी (नजूल) प्रदीप कुमार के पास फाफामऊ और आस-पास के क्षेत्र की जिम्मेदारी होगी।
अपर जिलाधिकारी (नगर) मदन कुमार को नगर क्षेत्र की सम्पूर्ण देखरेख का जिम्मा दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूजा मिश्रा को आईसीसीसी (प्रयागराज मेला प्राधिकरण) में स्थित कंट्रोल रूम का प्रभार सौंपा गया है।
ये सभी नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों के साथ मिलकर व्यवस्था देखेंगे।
इसके साथ ही समस्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था हेतु भी नोडल, सहायक नोडल और सेक्टर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।