छोटे उपभोक्ताओं को राहत, वाराणसी में 24×7 विद्युत वैन शुरू
Lucknow। प्रदेश में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। वाराणसी दौरे पर ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने शनिवार को सर्किट हाउस में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में विद्युत ट्रिपिंग अब बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ट्रिपिंग पर सख्ती, हर हाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग सहित सभी परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। वाराणसी जैसे धार्मिक और पर्यटन नगरी में बेहतर बिजली व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं।
उपभोक्ताओं को राहत देते हुए मंत्री ने कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए। उन्होंने निर्देश दिया कि 1 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की बिजली नेगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं काटी जाएगी। वहीं 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की छूट प्रदान की जाएगी।
किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले पांच चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य किया गया है, ताकि उपभोक्ता को पहले से सूचना मिल सके। इसके अलावा रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर नेगेटिव बैलेंस होने की स्थिति में भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने इस अवसर पर वाराणसी में दो अत्याधुनिक ‘24×7 विद्युत वैन’ का उद्घाटन भी किया। इन वैन का उद्देश्य विद्युत फॉल्ट को शीघ्रता से ठीक करना और आपूर्ति बहाल करने में लगने वाले समय को कम करना है। आधुनिक उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों से लैस ये वैन तीन शिफ्टों में कार्य करेंगी, जिनमें सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर की टीमें तैनात रहेंगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर, सुरक्षित और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है। नई पहल और सख्त निर्देशों से आम जनता को बिजली कटौती और तकनीकी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।


