12.26 लाख निर्माण श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड, शेष को भी जल्द मिलेगा लाभ
Lucknow । योगी आदित्यनाथ ने ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ में श्रमिकों के कल्याण को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास तभी सार्थक है, जब श्रमिक वर्ग सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त हो। इसी दिशा में सरकार श्रमिक परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ रही है। अब तक 12.26 लाख निर्माण श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया जा चुका है, जबकि शेष 15.83 लाख श्रमिकों को भी जल्द योजना से जोड़ा जाएगा। इससे करीब 75 से 80 लाख लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिल सकेगा।
श्रमिकों के पसीने से बन रहा नया भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक देश के विकास के असली शिल्पकार हैं। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों के छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल रहे हैं। पहले जहां श्रमिकों के पास मूलभूत सुविधाएं नहीं थीं, वहीं अब आवास, शौचालय और इलाज जैसी सुविधाएं सरकार सुनिश्चित कर रही है।
हर संकट में श्रमिकों के साथ सरकार
सीएम ने कहा कि आपदा या संकट के समय सरकार श्रमिकों के साथ खड़ी रही है। कोरोना काल में लाखों श्रमिकों को घर पहुंचाने से लेकर मुफ्त राशन और रहने की व्यवस्था तक की गई। अब बटाईदार और खेतिहर श्रमिकों को भी आपदा में मुआवजा और 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जा रहा है।
मजदूरी नहीं देने वालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “काम किया है तो दाम भी मिलना चाहिए।” यदि कोई मजदूरी नहीं देगा तो सरकार उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि श्रमिकों को ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’, पेंशन योजनाओं और दुर्घटना सहायता का लाभ भी दिया जा रहा है।
ईएसआईसी और डॉरमेट्री सुविधाओं का विस्तार
राज्य में 41 जिलों में 116 ईएसआईसी औषधालय संचालित हैं और शेष जिलों में भी जल्द स्थापना होगी। साथ ही श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री, सस्ती कैंटीन, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की सुविधा विकसित की जा रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में ईएसआईसी अस्पताल भी बनाए जाएंगे।
औद्योगिक विकास के लिए शांति जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि उद्योग और श्रमिक एक-दूसरे के पूरक हैं। औद्योगिक अशांति से केवल नुकसान होता है, इसलिए सभी को मिलकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वेज बोर्ड की सिफारिशों के बाद श्रमिकों के लिए आकर्षक पैकेज तैयार किया जाएगा।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री, श्रम मंत्री और कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


