Kanpur । कानपुर की प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी टीशा श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की कर ली है। वह छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीशा ने 1 से 4 अप्रैल तक डिब्रूगढ़ स्टेडियम में आयोजित हुई नॉर्थ जोन यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
अब वह 6 से 9 अप्रैल तक होने वाली ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। टीशा ऑल कानपुर कराटे-डू एसोसिएशन से जुड़ी हैं और सुनील मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। महिला कुमिते 68 किलोग्राम वर्ग में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जिससे मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण रहने की उम्मीद है। इस प्रतियोगिता में सुनील श्रीवास्तव भी जज और रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


