–छात्राओं के लिये बहुत मददगार होगी हर जिले में हॉस्टल खोलने की योजना
-विश्वविद्यालयों में नवाचार, शोध व रोजगारोन्मुख शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति व भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने आम बजट 2026 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट युवा शक्ति को केंद्र में रखकर तैयार किया गया दूरदर्शी बजट है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल नवाचार, स्टार्ट-अप और कौशल विकास को दी गई विशेष प्राथमिकता से देश के युवा भविष्य की नौकरियों और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त होंगे।
*युवाओं के लिए बजट में खास*
कुलपति प्रो. पाठक ने कहा कि बजट में उच्च शिक्षा, शोध, तकनीकी प्रशिक्षण, स्टार्ट-अप इकोसिस्टम और डिजिटल स्किल्स से जुड़ी घोषणाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। AI, उभरती तकनीकों और डिजिटल अधोसंरचना में निवेश से विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में नवाचार, अनुसंधान और रोजगारोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण पर फोकस से युवाओं को नई तकनीकों में दक्षता, रोजगार के बेहतर अवसर और स्वरोजगार की दिशा में मजबूती मिलेगी। यह बजट युवाओं को केवल नौकरी चाहने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की सोच को दर्शाता है।
*छात्राओं के लिये बहुत मददगार होगी हर जिले में हॉस्टल खोलने की योजना*
प्रो. पाठक ने ये भी कहा कि इस बजट में सरकार ने हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल खोलने के लिये घोषणा की है वह छात्राओं खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की उन छात्राओ की मददगार होगी, जिन्हें पढ़ाई के लिए अपने घर से दूर जाना पड़ता है।
प्रो. पाठक ने कहा कि आम आदमी को राहत देने वाले प्रावधान, विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कर व्यवस्था से जुड़े निर्णय, सामाजिक संतुलन को मजबूत करेंगे। यह बजट आर्थिक विकास के साथ-साथ युवा सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन का भी स्पष्ट संदेश देता है।


