Kanpur । कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से संडे क्रिकेट लीग सीजन 8 में बीसीए-लीजेण्ड्स ने राइजिंग कानपुर वारियर्स को 109 रनों से पराजित कर जीत दर्ज की। स्वर टण्डन ने नाबाद 157 रनों की विस्फोटक पारीखेली। गंगा बैराज स्थित बीसीए मैदान पर बीसीए-लीजेण्ड्स ने निर्धारित 25 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए।
स्वर टण्डन ने 157 रन नाबाद ठोकते हुए पारी की धुरी संभाली। विनीत रस्तोगी ने 32 रन और गुरुविन्दर सिंह ने 29 रन नाबाद बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। राइजिंग कानपुर वारियर्स की ओर से सौरभ गुप्ता ने एक विकेट लिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग कानपुर वारियर्स की टीम 25 ओवरों में आठ विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
अंकुश चौहान ने 54 रन नाबाद और अवनीत सिंह ने 27 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में असफल रहे। बीसीए-लीजेण्ड्स की ओर से सुरेन्द्र सिंह ने तीन, डॉ. इरफान व राज सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए। मैन ऑफ द मैच स्वर टण्डन को चुना गया।


