Kanpur । काकादेव थाना क्षेत्र के पांडु नगर में बीकॉम छात्र के साथ हुई मारपीट और हवाई फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएससी छात्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, तमंचे से फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। गीता नगर निवासी बीकॉम छात्र अमन सोनकर अपने दोस्तों के साथ मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। उसी दौरान पास की गली में शराब पी रहे कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अमन द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी और उसे डराने-धमकाने लगे। जान बचाकर अमन वहां से भागकर सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, लेकिन आरोपी पीछे-पीछे आ गए और उसे घेरकर बेरहमी से पीटने लगे।
घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। एक 39 सेकेंड के वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवक अमन को लगातार थप्पड़ और घूंसे मारते नजर आए। वहीं, करीब आठ मिनट के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक खुलेआम तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काकादेव पुरानी बस्ती निवासी नजमी आलम, बीएससी छात्र हर्षित तिवारी, रानीगंज निवासी विशाल यादव, जयप्रकाश नगर निवासी कृष्णा पांडेय, डेविड सिंह उर्फ लकी, दीपक सिंह और आरूष को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर काकादेव के अनुसार, सीसीटीवी में फायरिंग करता दिखाई देने वाला युवक केशवपुरम निवासी त्रिलोक है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन अब तक वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं


